ग्राम पंचायत सिकरवार के क्षेत्र पंचायत सदस्य लल्लू की सदस्यता रद्द हो गई है। जांच में उसका अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र फर्जी मिला है। सदर तहसीलदार बृजेश वर्मा की जांच में इसका खुलासा होने पर डीएम अभिषेक सिंह की अध्यक्षता वाली टीम ने बीडीसी का प्रमाण पत्र रद्द कर दिया। संबंधित को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। नगवां ब्लॉक ग्राम पंचायत सिकरवार के साड़सोत निवासी बनारसी ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव में वह क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का उम्मीदवार था। इसी पद के लिए लल्लू पुत्र हरिदास ने भी नामांकन किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लल्लू ने अनुसूचित जाति का फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करके अनुचित लाभ लिया है। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीएम कृपाशंकर पांडेय को प्रकरण की जांच कराकर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार ने जांच की तो शिकायत सही निकली। तहसीलदार ने डीएम को प्रेषित रिपोर्ट में बताया कि अभिलेखीय साक्ष्य के आधार पर लल्लू कहार जाति के हैं, जो वर्तमान समय में भी अन्य पिछड़े वर्ग की श्रेणी में आती है। इस पर लेखपाल को पृथक से स्पष्टीकरण जारी किया जा रहा है। जांच से स्पष्ट है कि लल्लू निवासी सिकरवार ने तथ्यों को छिपाकर अपने पक्ष में अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराया गया है और प्रमाण पत्र का अनुचित लाभ लिया जा रहा है। डीएम की अध्यक्षता में गठित टीम ने बीडीसी की सदस्यता रद्द कर दी है।