मध्यप्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने एनसीएल का दौरा किया। इस दौरान मंत्री से सीएमडी एनसीएल प्रभात कुमार सिन्हा और एनसीएल के कार्यकारी निदेशक मंडल ने भेंट की।
मंत्री ने जयंत कोयला खदान का अवलोकन किया और एनसीएल की मशीनीकृत खनन प्रक्रिया की बारीकियों से परिचित हुए। सीएमडी प्रभात सिन्हा ने उन्हें खदान परिचालन सहित एनसीएल की ओर से आसपास के लोगों के लिए सीएसआर के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इसके पहले मंत्री ने एनसीएल के दुद्धीचुआ स्थित डीएवी विद्यालय में कोविड टीकाकरण केंद्र में मुफ्त टीकाकरण का शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद (सीधी-सिंगरौली) रीती पाठक, विधायकगण, डीएम एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। खदान भ्रमण के बाद अतिथियों ने जयंत खदान परिक्षेत्र में पौधरोपण किया।
सीएमडी ने कोल कर्मियों से किया संवाद
शक्तिनगर। सीएमडी एनसीएल प्रभात कुमार सिन्हा ने जयंत खदान के दौरे के दौरान कर्मियों से सीधा संवाद किया। उनके साथ एनसीएल के निदेशक बिमलेंदु कुमार, आरएन दुबे, एसएस सिन्हा उपस्थित रहे। सीएमडी ने कार्यस्थल, कैंटीन, रेस्ट शेल्टर में जाकर कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। कल्याण सुविधाओं का जायजा लिया। कर्मचारियों ने अपने मुखिया के सामने खुलकर अपनी बात रखी और साथ ही कल्याण सुविधाओं की बेहतरी की दिशा में किए गए कार्यों के लिए एनसीएल के शीर्ष प्रबंधन का आभार जताया।