विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पकरी टोला कालीनझर निवासी मृतक- अनिल (फाइलफोटो)स्रोत परि
विंढमगंज। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पकरी टोला कालीनझर निवासी राजमिस्त्री अनिल (45) का शव शुक्रवार को घर से चार किमी दूर रेलवे पटरी पर मिला। शव के पास से मिले मोबाइल के जरिये शिनाख्त हुई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
राजमिस्त्री का काम करने वाले अनिल शादी-विवाह में हलवाई का भी काम करते थे। छोटे पुत्र अजीत के मुताबिक बृहस्पतिवार की शाम वह गांव में ही स्थित रिश्तेदारी में शादी समारोह से घर लौटे। परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर आंगन में सो रहे थे। रात में पिता कब बाहर चले गए, किसी को पता नहीं चला। सुबह उन्हें बिस्तर पर न पाकर परिवार के लोग खोजबीन कर रहे थे, इस बीच रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए परिजनों की मदद से पंचनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। अनिल के दो पुत्र हैं। छोटा पुत्र अजीत अविवाहित है। थाना प्रभारी शिव कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।