सोनभद्र। पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को एएसपी (मुख्यालय) अनिल कुमार की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक हुई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए शीतला चौक, बढ़ौली चौराहा, धर्मशाला चौराहा और चंडी होटल चौराहा पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग की। साथ ही उन्होंने बिना लाइसेंस व अप्रशिक्षित चालकों की ओर से ट्रैक्टर चलाने, ई-रिक्शा के अव्यवस्थित संचालन और रांग साइड चलने की समस्या भी उठाई। सुझाव दिया कि ई-रिक्शा संचालन को जोनवार रंग कोडिंग के साथ नियंत्रित किया जाए।
बैठक में शहर में पार्किंग और ट्रांसपोर्ट नगर की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। व्यापारियों ने माल लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान सर्विस लेन में खड़े वाहनों का चालान न करने की मांग की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। टोल प्लाजा पर कर्मियों के व्यवहार और फास्टैग से जुड़ी समस्याओं को भी बैठक में उठाया गया। वहीं प्रभापुरम कॉलोनी में शाम के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की गई। शरद जायसवाल ने कहा कि इन दोनों प्रभापुरम कॉलोनी शाम ढलते ही नसेडियों का अड्डा बन जाता है कोई भी महिलाएं लड़कियां उसे क्षेत्र से गुजरती हैं तो गुट बनाकर खड़े युवको द्वारा फबत्तियां कसी जाती है। जिससे कॉलोनी वासियों को अत्यंत सुविधा का सामना करना पड़ता है। बैठक में प्रशांत जैन, धर्मराज सिंह, राजेश जायसवाल, अभिषेक साहू, दिनेश सिंह, दीप सिंह पटेल, विनय जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल आदि मौजूद रहे।