पुलिस ने शनिवार की रात बीजपुर बाजार स्थित एक मकान में दबिश देकर दस जुआरियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 2300 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस को यह सफलता तब मिली, जब इसी अड्डे पर जुए में हारे एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत की।
बीजपुर क्षेत्र में जुए का खेल लंबे समय से चल रहा है। शनिवार की रात सटीक सूचना पर एसआई बृजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक मकान पर दबिश दी तो वहां जुआ खेल रहे दस लोग पकड़े गए। फड़ से ताश की गड्डियां और 2300 रुपये बरामद हुआ। एसआई बृजेश पांडेय ने बताया कि पकड़े गए लोगों में अर्जुन प्रसाद, राकेश राय, प्रभात कुमार चौरसिया, पंकज जायसवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, पंकज मिश्रा, सुनील कुमार , जितेंद्र सोनकर, ओमप्रकाश गुप्ता, लालबहादुर जायसवाल शामिल हैं। सभी को संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया।