बीएचयू में रविवार को हुए 103वें दीक्षांत समारोह के दौरान ओबरा के सेक्टर आठ निवासी ख्याति बत्रा ने पांच गोल्ड मेडल हासिल किए। एमए इंग्लिश की छात्रा ख्याति ने इस उपलब्धि से नगर का मान बढ़ाया है।
ख्याति बत्रा के पिता आलोक बत्रा मेडिकल स्टोर चलाते हैं। वहीं माता बबिता गृहिणी हैं। बेटी की उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए हुए पिता आलोक बत्रा ने बताया कि ख्याति ने हाईस्कूल की परीक्षा सेक्रेट हार्ट कांवेंट स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा केंद्रीय विद्यालय चोपन से उत्तीर्ण किया है।
बचपन से ही पढ़ाई में आगे रहने वाली ख्याति ने उच्च शिक्षा के बीएचयू वाराणसी से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीएचयू से ही इंग्लिश ऑनर्स में एमए की उपाधि हासिल की। ख्याति को एमए इंग्लिश में सर्वाधिक अंक पाने वाली छात्रा में गोल्ड मेडल मिला।
इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में भी अव्वल रहने पर सुनंदा मुखर्जी मेमोरियल, मुनेशरा देवी मेमोरियल, पं. रामलखन पांडेय मेमोरियल, सौमित्रा दत्ता मेमोरियल गोल्ड मेडल हासिल कर पूरे नगर का मान बढ़ाया है। बताया कि ख्याति वर्तमान में चुर्क स्थित राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज में गेस्ट प्रोफ़ेसर के तौर पर सेवा दे रही हैं।