संवाद न्यूज एजेंसी
म्योरपुर। जनगणना में आदिवासी धर्म कोड समेत आठ सूत्री एजेंडा को लेकर म्योरपुर बाजार से रविवार को जिला स्तरीय यात्रा की शुरुआत की गई। ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट की तरफ से आयोजित रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान की इस यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और म्योरपुर बाजार, रासपहरी व खैराही में जनसंपर्क किया। इस दौरान आठ सूत्री एजेंडा का पर्चा वितरण भी किया गया।
इसकी जानकारी देते हुए ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका और रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान के संयोजक इंजीनियर रामकृष्ण बैगा ने बताया कि नौ अगस्त से शुरू हो रही पूर्वांचल यात्रा को सफल बनाने के क्रम में यह यात्रा संचालित हो रही है।
जिसके आठ सूत्री एजेंडा को सरोकारी नागरिकों, दलित, आदिवासी, अति पिछड़ों, युवाओं, महिलाओं समेत समाज के सभी हिस्सों तक पहुंचाना है। यात्रा में नेताओं ने कहा कि 1961 से पहले जनगणना में आदिवासी समुदाय के लिए अलग धर्म कोड के प्रावधान को फिर से लागू कर आदिवासी पहचान के अधिकार को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
यात्रा में राजेंद्र प्रसाद गोंड, इंद्रदेव खरवार, सविता गोंड, रूबी सिंह गोंड, राम किशुन गोंड, मंगरू प्रसाद श्याम, ललित गोंड, देवकुमार खरवार, समरजीत गोंड, आदि शामिल रहे।