म्योरपुर। स्थानीय खेल मैदान पर 22वीं अंतरराज्यीय ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को एक दिवसीय महिला क्रिकेट मैच खेला गया। झारखंड और उत्तर प्रदेश की महिला टीम के मैच में झारखंड की टीम ने जीत हासिल की।
उत्तर प्रदेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। रुचि पाठक ने 44 रन बनाए। रिचा राय ने 30, काजल ने 24 और अनुष्का ने 23 रन बनाए। झारखंड की गुरलीन कौर ने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया। जवाब में झारखंड की टीम ने 15.4 ओवर में चार विकेट खोकर 173 रन बनाकर मैच जीत लिया। गुरलीन कौर ने 45 गेंदों में शतकीय पारी खेली। उन्होंने 103 रन की पारी में सात छक्के और 12 चौके जड़े। उनके साथ सुधा ने 23 रन की उपयोगी पारी खेली। उत्तर प्रदेश की ओर से गेंदबाजी में अनुष्का ने तीन ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सकीं। गुरलीन कौर को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।