विकास खंड दुद्धी के ग्राम पंचायत मुड़िसेमर से होकर गुजरने वाली सड़क की मानक के अनुसार मरम्मत कराने की मांग को लेकर तीन दिन पूर्व ग्रामीणों ने काम बंद करा दिया था। बृहस्पतिवार को पीडब्ल्यूडी के जेई पीके मिश्रा निर्माणाधीन रोड की जांच करने मौके पर पहुंचे। जेई ने मानक के अनुसार काम न होने पर ठेकेदार को फटकार लगाते हुए दोबारा काम कराने की हिदायत दी।
जेई ने बताया कि काम करा रही श्रीनाथ कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार ने मानक के विपरीत काम कराया है। नए सिरे से दोबारा मानक के अनुरूप कार्य कराने के लिए ठेकेदार को हिदायत दी गई है। रोड में बने गड्ढों को प्राथमिकता से मिट्टी की सफाई के बाद सोलिंग डालकर रोलिंग किया जाएगा। रोलिंग के बाद भस्सी व पानी डालकर दोबारा से रोलिंग कराई जाएगी। रोड के किनारे बने गड्ढों को भी ठीक किए जाने का काम किया जाना है। कहा कि दोबारा ठेकेदार की के काम में शिकायत मिलेगी तो भुगतान रोक दिया जाएगा। विजय पासवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद पासवान, बृज किशोर यादव, शिव कुमार सिंह कुशवाहा, अखिलेश कुशवाहा, राकेश पासवान, जुगल किशोर चौरसिया, जयप्रकाश यादव, शिव कुमार पासवान, प्रेम खरवार, राम मूरत यादव आदि लोग मौके पर मौजूद थे।