संकट मोचन हनुमान का जन्मोत्सव बृहस्पतिवार को जिले में धूमधाम से मनाया गया। आकर्षक ढंग से सजे मंदिरों में बजरंगी बली की प्रतिमा का मनमोहक शृंगार हुआ। लड्डू, बूंदी, इमरती, पान, फल आदि अर्पित करते हुए पूजा की और आरती।
पूरे दिन मंदिरों में दर्शन-पूजन, भजन जारी रहा। इस दौरान भक्तों ने सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, बजरंग बाण का संगीतमय पाठ किया। गाजे-बाजे के साथ निशान यात्रा भी निकाली गई। भक्ति भाव में डूबे महिला-पुरुष जय श्री राम और बजरंग बली का जयघोष करते रहे।
नगर के उत्तर मोहाल स्थित रामअवतार उपवन में स्थित बाल हनुमान मंदिर में निर्मल केडिया के संयोजन में विशेष पूजा-अर्चन का आयोजन हुआ। सीएमओ कार्यालय के पास स्थित संकट मोचन मंदिर में पुजारी राजकुमार पांडेय ने विधि-विधान से भगवान हनुमान का भव्य शृंगार कर मंगला आरती की। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ रही।
शाम 4 बजे के बाद भंडारा शुरू हुआ और फिर भक्तों ने केक काटकर बजरंग बली का जन्मोत्सव मनाया। इसी क्रम में शीतला मंदिर के पास स्थित संकट हरण श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से रामजी मोदनवाल के संयोजन में ध्वज यात्रा निकाली गई। ध्वज यात्रा में श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लिए प्रभु श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
भजन-कीर्तन की मधुर धुनों पर महिलाएं, युवतियां और युवक भक्तिभाव में झूमते नजर आए। ध्वज यात्रा में रथ पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, माता जानकी और राम भक्त हनुमान के स्वरूपों का दर्शन कर नगरवासियों ने आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा पूरे नगर में भ्रमण करने के बाद पुनः संकट हरण श्री सिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर रामजी मोदनवाल, कृष्ण मुरारी गुप्ता, दीपक कुमार केसरवानी, अविनाश शुक्ला, कौशल शर्मा, संगम गुप्ता, प्रदीप मोदनवाल, सचिन, शानू, मनोज, दिलीप, शुभम, साहिल, सत्यम, स्वयं, अशोक, माया देवी, पूनम, ऋषि, गोविंद, उमेश, कमलेश आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।