रामगढ़/बीजपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान इंटर के छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी तो अधेड़ ने भी आत्महत्या की कोशिश की। संयोग से गमछे से फंदा खुल जाने से अधेड़ की जान बच गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी सुरेश गुप्ता का पुत्र रविशंकर (18) इंटर का छात्र था। शुक्रवार की रात नौ बजे खाना खाने के बाद वह खेत पर सोने के लिए गया। करीब एक घंटे बाद सुरेश भी खेत पर पहुंचा। यहां निर्मित कमरे का दरवाजा न खुलने पर दीवार फांदकर सुरेश अंदर पहुंचा तो बड़ेर से रस्सी के फंदे पर रविशंकर का शव लटका रहा था। रात में ही सूचना रामपुर बरकोनिया पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा लीलाडेवा के पोखरा टोला निवासी सत्यप्रकाश (52) ने बृहस्पतिवार की शाम घर से कुछ दूरी पर गमछे के सहारे चिलबिल के पेड़ में फांसी लगा ली। संयोग रहा कि गमछे की गांठ खुल जाने के कारण वह जमीन पर गिर गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे म्योरपुर सीएचसी ले गए, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि बैंक का ऋण चुकता न किए जाने से सत्यप्रकाश पिछले कुछ दिनों से तनाव में था।
----