घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ ग्राम पंचायत के नौगढ़वा गांव में मंगलवार की देर शाम गड्ढे में डूबने से दो वर्षीय बालक की मौत हो गई। परिजन उसे लेकर घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ ग्राम पंचायत के नौगढ़वा टोला निवासी राजू ने बताया कि उनका बेटा शिवाजीत (2) मंगलवार शाम घर के आंगन में खेल रहा था। शाम करीब छह बजे परिजनों को वह कहीं दिखाई नहीं दिया। परिजनों ने घर के आस पास उसकी खोजबीन शुरू की। खोजते खोजते जब परिजन घर के करीब पानी भरे एक गड्ढे के पास पहुंचे तो शिवाजीत की लाश पानी में उतराई मिली। परिजन उसे घोरावल सीएचसी ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि घर के पास मात्र दो फीट का गड्ढा था, जिसमें पानी भरा हुआ था। उधर बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।