घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के केवली गांव में बुधवार को चलती बाइक से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को सीएचसी घोरावल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं हादसे में महिला की गोद में बैठा एक साल का मासूम बच्चा बाल बाल बच गया। उसे मामूली खरोंच आई है।
मिर्जापुर जिला के मड़िहान कोतवाली क्षेत्र के गढ़वा गांव निवासी मंगलावती (25) व उसके बेटे हिमांशु (1) को बुधवार सुबह दस बजे एंबुलेंस से घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल महिला के पति राकेश यादव ने बताया कि वह पत्नी मंगलावती के साथ बेटे हिमांशु की दवा लेने जा रहा था। राबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर केवली गांव में वीरमती विद्या महाविद्यालय के पास उसकी पत्नी असंतुलित होकर बाइक से गिर पड़ी। डॉक्टर के मुताबिक महिला को सिर में गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।