बभनी। परिषदीय विद्यालयों की ब्लाक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक समारोह बुधवार को दक्षिणांचल ग्रामोदय इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में पांच न्याय पंचायत के बच्चों ने अपना दमखम दिखाया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व्यास चंद्र विश्वकर्मा व विशिष्ट अतिथि बीडीओ मो. तारिक और प्रधान प्रतिनिधि नंदकुमार रहे। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत बभनी, बरवाटोला, करकच्छी, कोरची, चैनपुर के बच्चों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, ऊंची कूद, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो, गोला फेंक, ब्यायाम आदि प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। व्यायाम प्रतियोगिता में बरवाटोला, करकच्छी और बभनी न्याय पंचायत के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
इसमें बरवाटोला प्रथम स्थान तथा बभनी न्याय पंचायत द्वितीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार कबड्डी प्रतियोगिता में बरवाटोला और बभनी न्याय पंचायत के मध्य खेला गया। इसमें बरवाटोला न्याय पंचायत 12 अंक पाकर प्रथम तथा बभनी न्याय पंचायत 9 अंक पाकर द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में करकच्छी न्याय पंचायत 31 अंक पाकर प्रथम तथा कोरची न्याय पंचायत 7 अंक पाकर द्वितीय स्थान पर रहीं।
अंत में खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकरराम ने सभी का आभार व्यक्त किया। अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षक विनोद कुमार व संचालन कमलेश कुमार तथा अनुजा सिंह ने किया। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ, जगरनाथ, नंदलाल, रवींद्र नारायण आदि रहे।