अनपरा। यातायात माह चल रहा है, लेकिन ऊर्जांचल की सड़कों पर वाहनों की मनमानी पर कोई लगाम नहीं लग पा रहा है। हाईवे की पटरियों और एक लेन पर भारी वाहनों और उनके डालों को खड़ी कर दुर्घटना को न्यौता दे रहे हैं और पुलिस भी सिर्फ वाहनों का चालान कर कोरम पूरा कर रही है। अवैध पार्किंग पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
एक नवंबर से यातायात माह की शुरूआत हुई और अब यातायात माह समाप्त होने में मात्र चार दिन शेष बचें हैं। पुलिस तिराहों और चौराहों पर गश्त कर वाहनों का चालान कर लोगों को यातायात का पाठ पढ़ा रही है, लेकिन हाईवे पर अवैध रूप से पार्किंग बनाकर खड़े वाहनों को हटाने के लिए पुलिस कोई कार्रवाई नही कर रही है।
डिबुलगंज से लेकर औड़ीमोड़, सिंगरौली बार्डर से लेकर औड़ीमोड़, औड़ीमोड़ से लेकर बीना तक हाईवे पर खड़े अवैध रूप से वाहन और उनके डाला से सड़कों का अतिक्रमण हो गया है। इससे सड़कें सिकुड़ गई है, जिससे पैदल चलने वालों को हाईवे पर चलने में काफी समस्या होती है। साथ ही हाईवे किनारे गंदगी का अंबार भी लग जाता है। लोगों के शिकायतों के बावजूद भी पुलिस भी अवैध पार्किंग पर कार्रवाई नहीं करती है।
केस 1
डिबुलगंज रामलीला मैदान के सामने से लेकर अस्पताल चौराहा तक हाईवे के दोनों किनारे ट्रक व ट्रेलरों की अवैध पार्किंग बनी हुई है। पटरी पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वाले हाईवे पर ही चलते हैं, इससे आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार होते हैं।
-
केस 2
एमईआईएल गेट के सामने पटरी पर लोगों ने अवैध रूप से दुकान बना लिए है। साथ ही गेट के समीप हाईवे के दोनों ओर पटरियों पर अवैध रूप से वाहन खड़ी होती है, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
केस 3
कुसुम पेट्रोल पंप से लेकर दो नंबर गेट और काशीमोड़ तक हाईवे के दोनों ओर दिनभर भारी वाहनों का ठहराव होता है। परियोजना से निकलने वाले मजदूर, स्कूली बच्चे पटरियों पर जगह हाईवे पर ही चलते हैं। इस कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
-
केस 4
काशी मोड़ बस स्टैंड से लेकर औड़मोड़ नेहरू चौक तक दोनों ओर दिनभर वाहन खड़े रहते हैं। इस कारण स्कूल बच्चे हाईवे पर जान जोखिम में डालकर चलते हैं। यहां यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस दोनों ही रहती है, इसके बावजूद यहां वाहनों की पार्किंग हो जाती है।
-
केस 5
नेहरू चौक से लेकर अनपरा मोड़, रेणुसागर मोड़ तक हाईवे की दोनो पटरियों और एक लेन पर वाहनों का अवैध कब्जा है। वाहन स्वामी पूरी दबंगई से हाईवे पर वाहनों को खड़ी करते हैं। एमईआईएल और अनपरा तापीय परियोजना के मुख्य द्वारा के आसपास भी अवैध पार्किंग बने हुए हैं।
वर्जन....
यातायात नियमों को तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाने के लिए नगर पंचायत की मदद से अभियान चलाया जाएगा। - बृजेश सिंह, थाना प्रभारी अनपरा।