जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आता जा रहा है कर्मचारी संगठन ‘पुरानी पेंशन नहीं तो वोट नहीं’ मुहिम को धार देने में जुट गए हैं। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को पत्र प्रेषित करने के बाद श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी जन प्रतिनिधियों के साथ संभावित उम्मीदवारों से संपर्क स्थापित कर रहे हैं।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति अनपरा के संयोजक रोहित राय ने बताया कि राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को प्रेषित पत्र में पुरानी पेंशन बहाली के साथ अन्य महत्वपूर्ण लंबित मामलों को भी जोरशोर से उठाया गया है। संघर्ष समिति के केंद्रीय संयोजक शैलेंद्र दुबे के नेतृत्व में मुख्यालय लखनऊ में भी अभियान तेज कर दिया गया है। राजनीतिक दलों से मांग की गई है कि वे संघर्ष समिति की मांगों को अपनी घोषणा पत्र में शामिल करें। जो भी दल ऐसा करेंगे विद्युत कर्मचारी उसी को अपना समर्थन देंगे।