सोनभद्र। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय सिरसाई के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश सिंह ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एसपी, सीडीओ सहित अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र प्रेषित करते हुए आजिज होकर आत्महत्या की भी बात कही है। पत्र के बाद विभाग में खलबली मच गई है।
डॉ. सतीश सिंह ने पत्र में कहा कि कार्यवाहक क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजेश यादव बार-बार, अकारण मानसिक आर्थिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। इससे उसके मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं। बताया कि अधिकारी उस पर हर महीने तय रकम देने का दबाव बना रहे हैं। इसी उद्देश्य से समय के पूर्व ही अस्पताल पहुंच मोबाइल में समय बदलकर बंद हॉस्पिटल का फोटो लेकर अवैध रूप से धन की मांग करते हैं। मांग पूरी न करने पर गाली गलौज एवं वेतन रोकने की धमकी देते हैं। पूर्व में भी चार दिन का वेतन बिना कारण रोक दिया गया था। उसे बहाल करने के लिए पैसे की मांग की गई। अवकाश मांगने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मना कर दिया जाता है। बताया कि वे काफी डरे हैं। उनके मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं।
नियम के मुताबिक ही जांंच की जाती है। आरोप निराधार हैं। कुछ माह पूर्व में सीडीओ के समक्ष बैठक भी हुई थी। -डॉ. राजेश यादव, कार्यवाहक क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी।