सोनभद्र जिले में एक पति ने घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद कोहराम मच गया। महिला गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में रसोइयां के पद पर तैनात थी। पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी है।
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के कुंडपान गांव के विश्रामपुर टोले में घरेलू विवाद के बाद पति ने लाठी-डंडे से पीटकर महिला की जान ले ली। महिला गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में रसोइयां के पद पर तैनात थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
विज्ञापन
यह है मामला
थाना क्षेत्र के कुंडपान गांव के विश्रामपुर टोला निवासी प्रमिला (38) का पति हरि नारायण से आए दिन विवाद होता रहता था। रविवार की दोपहर बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि पति ने महिला पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। सिर पर लाठी से कई वार किए, जिससे प्रमिला की मौके पर ही मौत हो गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के वक्त बच्चे भी घर के बाहर गए थे। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसओ सदानंद राय ने छानबीन की। पंचनामा के बाद शव को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता रहता था। सीओ दुद्धी प्रदीप सिंह चंदेल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
सीओ ने बताया कि घरेलू विवाद में पति ने महिला की हत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।