मांगलिक कार्यक्रमों में हर्ष फायरिंग के मामले कम नहीं हो रहे। पुलिस की ओर से हर बार निर्देश जारी होते हैं लेकिन इस पर अमल नहीं हो पाता। मैरेज लॉन और होटल में भी इस पर निगरानी की कोई व्यवस्था नहीं है और न ही उनकी ओर से कभी पुलिस को सूचना ही दी जाती है। वीडियो वायरल होने या कोई घटना होने पर ही मामला पुलिस तक पहुंचता है। अब ताजा घटना के बाद एसपी ने थाना प्रभारियों को हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की पैरवी करने का निर्देश दिया है। पूर्व में हर्ष फायरिंग करने वालों की भी कुंडली तैयार की जाने लगी है।
राबर्ट्सगंज, ओबरा, चोपन, अनपरा, शाहगंज, घोरावल समेत अन्य कस्बों में मैरिज लॉन एवं होटलों की भरमार है। जगह-जगह मैरिज हाल एवं होटल धड़ल्ले से खोले जा रहे हैं लेकिन सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। गिने-चुने मैरेज हॉल के संचालक ने ही एनओसी ले रखी है। वहीं अधिकांश मैरिज हॉल एवं होटल संचालकों ने अग्निशमन विभाग से भी एनओसी नहीं ली है। उनका निर्माण भी मानक के विपरीत किया गया है। पार्किंग, सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य व्यवस्थाएं भी नदारद हैं। जरूरी सुरक्षा प्रबंधों के बिना संचालित मैरेज लॉन व होटल में कोई भी घटना या हादसा होने पर उसे दबाने की कोशिश शुरू हो जाती है। कोई रिकार्ड न होने से पुलिस भी उसकी निगरानी नहीं कर पाती। ब्रह्मनगर स्थित मैरेज लॉन में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का पहला मामला नहीं है। इससे पहले ही अलग-अलग स्थानों पर जिले में हर्ष फायरिंग के मामले सामने आते रहे हैं। शादी समारोहों में धांय-धांय बंदूके गरजती हैं। पिछले दिनों नगर के हाइडिल मैदान के समीप हुए एक समारोह में कई प्रभावशाली लोगों ने हिस्सा लिया था। बड़ी संख्या में शामिल असलहाधारियों की बंदूकें भी गरजीं लेकिन मामला रफा-दफा हो गया। इसके पूर्व भी कई स्थानों पर ऐसी घटनाएं होती रही हैं। पुलिस तक मामला सिर्फ कोई अनहोनी होने या वीडियो रिकार्डिंग वायरल होने पर ही पहुंचता है। मंगलवार की रात हुई घटना के बाद अब पुलिस हरकत में आई है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों से अपने क्षेत्र के होटल, मैरेज लॉन संचालकों की सूची तैयार कर उनके यहां उपलब्ध सुविधाओं की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही पूर्व में हर्ष फायरिंग करने वालों की भी कुंडली खंगालने का निर्देश दिया है।
देनी होगी सूचना, नहीं होगी कार्रवाई
हर्ष फायरिंग से होनी वाली घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। होटल और मैरिज लॉन संचालकों को अगर उनके यहां मांगलिक कार्यक्रम में कोई व्यक्ति हर्ष फायरिंग करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देनी होगी। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं होटल या मैरिज हाल बुक कराने वालों से लिखित लेना होगा कि हर्ष फायरिंग नहीं होगी और होती है तो इसके लिए वे जिम्मेदार होंगे।
मांगलिक कार्यक्रमों मेें हर्ष फायरिंग करने वालों केे खिलाफ कार्रवाई करते हुए शस्त्रों का लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा। पूर्व में हर्ष फायरिंग की घटनाएं हुई है या नहीं इसका भी पता लगवाया जा रहा है। कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। - अमरेंद्र प्रसाद सिंह, डीआईजी/एसपी