वाराणसी- शक्तिनगर राजमार्ग से हास्पिटल रोड होते हुए अगोरी की तरफ जाने वाले रोड पर रविवार को बालू लदे ट्रकों की लंबी कतार लग गई। ट्रकों की लंबी लाइन से भीषण जाम लग गया। मार्ग पर पैदल निकलना मुश्किल हो गया। इस जाम में मरीज तो फंसे ही रहे राज्यमंत्री का काफिला भी 25 मिनट तक फंसा रहा।
जुगैल थानांतर्गत चोपन भरहरी मुख्य मार्ग पर लगातार कई दिनों से बालू लेने पहुंच रहे ट्रकों के कारण रोजाना जाम लग रहा है। बालू खनन शुरू होने से इस मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। खदानों के शुरू होने से 40 से ज्यादा नई दुकानें खुली हैं। सड़क पर लग रहे जाम से राहगीर परेशान हो रहे हैं। कुछ दिन पहले प्रशासन हरकत में दिखी थी तो भगवा साइट पर नौ पोकलेन भी सीज किया गया था।
वहीं जुगैल और कुड़ारी की ओर से आने वाले यात्री वाहनों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। जाम के कारण चोपन से भरहरी और चौरा की ओर से आ रहे सैकड़ों वाहन जाम में फंस जा रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना मरीजों को करना पड़ रहा है। बालू खदानों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सड़क के एक लाइन में ट्रक खड़े हो जा रहे हैं जो जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। रविवार को जाम में एंबुलेंस सहित समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड भी फंसे रहे। जाम के दौरान चोपन जा रहे बुखार से पीड़ित अमन सिंह परिहार भी जाम में एक घंटे फंसे रहे। महलपुर के साथ सिंदुरिया पुल पर दो दिन पहले जाम के दौरान राहगीरों और बालू लदे ट्रक चालकों के बीच कहासुनी के साथ हाथापाई भी हुई। इनमें गाजीपुर के एक ट्रक के चालक की पिटाई के साथ उसका मुख्य शीशा भी टूट गया। राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ चौरा बिजोरा और बड़गांवा से जनसंपर्क कर वापस चोपन की तरफ आ रहे थे। सिंदुरिया पुल से पहले 20 से 25 मिनट तक जाम में फंसे रहे। जिलाधिकारी को फोन कर सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और एंबुलेंस और मंत्री की गाड़ी को जाम से बाहर निकाला।