घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मझिगवां मिश्र गांव के प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को संदिग्ध पदार्थ मिला पानी पीने से सात छात्राएं बीमार हो गईं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में खलबली मच गई। अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर असंतोष जताया। फिलहाल उपचार के बाद छात्राओं की तबीयत में सुधार है।
मुसहा ग्राम पंचायत के मझिगवां मिश्र गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की एक छात्रा मंगलवार को अपने स्कूल बैग में घर से शीशी में भरा कोई तरल पदार्थ लेकर आई थीं। दोपहर में सभी बच्चे मिड डे मील खाने के बाद पानी पीने लगे। बताया गया कि शीशी में भरा तरल पदार्थ गलती से छात्रा के पानी भरे बोतल में गिर गया। उसी बोतल से कक्षा 4 और कक्षा 5 में पढ़ने वाली सात छात्राओं ने पानी पिए। पानी पीने के बाद सभी छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। इन छात्राओं में कक्षा 5 की नंदिनी, गुड़िया, इच्छा, सुप्रिया और कक्षा 4 की प्रेमलता, रागिनी व नेहा को पेट दर्द, सिर दर्द, मिचली, उल्टी, चक्कर जैसी शिकायतें होने लगीं। छात्राओं की हालत देख शिक्षकों में खलबली मच गई। प्रभारी प्रधानाचार्य साधना सिंह सभी बीमार छात्राओं को लेकर तत्काल घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। वहां छात्राओं को भर्ती कर सभी का उपचार किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि भर्ती की गई सभी सात छात्राओं की तबीयत में सुधार है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। उधर घटना की जानकारी होते ही गांव के लोग और छात्राओं के अभिभावक घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना के संबंध में शिक्षकों से आपत्ति दर्ज कराई। इस संबंध में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या साधना सिंह ने बताया कि मिड डे मील खाने के बाद एक बच्ची के बोतल से 7 छात्राओं ने पानी पिया, जिससे उनकी तबीयत खराब हो गई। सभी को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
-
शीशी में रखी थी खुजली की दवा
घटना के बाद अस्पताल पहुंचे तीसरी कक्षा की छात्रा के परिजनों ने बताया कि दादी ने खुजली से निजात पाने के लिए कोई दवा तैयार कर शीशी में रखा था। गलती से छात्रा उसे उठाकर ले आई। वह किस तरह पानी में मिल गया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया।