जिले में अरहर की दाल की जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को राबर्ट्सगंज में जिलापूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने कई किराना की दुकानों पर छापेमारी की। इससे दूकानदारो में हड़कंप मच गया।
कई दुकानदार दुकानों का शटर गिरा कर फरार हो गए। छापेमारी के दौरान डीएसओ ने दुकानदारों को उचित दर पर ग्राहकों को अरहर का दाल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जिले में खोली गई 20 दुकानों पर अब 135 रुपये प्रति किलो अरहर की दाल मिलेगी।
जिलाधिकारी जीएस प्रियदर्शी के निर्देश पर जिलापूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने अरहर की दाल मनमाने रेट पर बेचने और दाल की जमाखोरी करने वाले दुकानदारों को चिंहित कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंगलवार की दोपहर 12 बजे राबर्ट्सगंज में डीएसओ ने किराना की दुकानो पर छापेमारी की। इसकी जानकारी दुकानदारों में जंगल में आग की तरह फैल गई और वे अरहर की दाल का स्टाक ठीक करने मेें जुट गए।
वहीं कई दुकानदार दुकानों को बंद कर फरार हो गए। जिलापूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है कि कुछ दुकानदार अरहर की दाल डंप कर मनमाने रेट पर बेच रहे है।
ऐसा कदापि नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान एक दुकानदार गोदाम में ताला बंद कर भाग निकला, उसके खिलाफ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जिले में खुली 20 दुकानों पर ग्राहकों को अच्छी क्वालिटी की 135 रुपये प्रति किलोग्राम अरहर की दाल मिलेगी।
कहा कि जो दुकानदार मनमानी रेट पर दाल बेचेंगे ग्राहक उनके मोबाइल नंबर 9453091818 पर सूचना दें, तत्काल संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।