मनरेगा का भुगतान समय से कराने सहित अन्य मांगों के समर्थन में सोमवार को सदर ब्लॉक के ग्राम प्रधानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद मांगों से संबंधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में सौंपा।
सदर ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष सुरेश शुक्ला ने बताया कि मनरेगा योजनांतर्गत मजदूरों की मजदूरी व सामग्री का भुगतान नहीं हो रहा है। इससे मनरेगा श्रमिकों व पंचायत प्रतिनिधियों से कार्य कराने में दिक्कत आ रही है। बताया कि एक वर्ष से मनरेगा योजनांतर्गत कराए गए कार्यों के श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान एमआईएस होने के बाद भी नहीं किया जा रहा है। मनरेगा के आईडी जनरेशन से सारी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी श्रमिकों के खाते में मजदूरी न आने से श्रमिकों का विश्वास कम हो रहा है। ग्राम प्रधानों ने मनरेगा भुगतान तत्काल कराने की मांग की है। इस मौके पर विजय बहादुर सिंह, अमरजीत, आजाद कुशवाहा, नीलम, अर्चना, विकास, नीतू सिंह, राजेंद्र, रुचि पांडेय, अनूप तिवारी, विमलेश पांडेय, नितन, अर्चना तिवारी आदि मौजूद रहे।