त्रिस्तरीय पंचायतों के उपनिर्वाचन के रिक्त पदों पर चुनाव कराया जाने की प्रक्रिया व तिथि तय कर ली गई है। इसके अनुसार 20 दिसंबर को सदस्यों के पदों पर निर्वाचन कराया जाना है। जिला निर्वाचन अधिकारी टीके शिबू की तरफ से समय सारिणी व चुनाव की तिथियां घोषित कर दी गई हैं।
चुनाव से पूर्व की नामांकन प्रक्रिया के लिए 12 दिसंबर नामांकन पत्रों को जमा करने की अंतिम तिथि तय की गई है। 13 दिसंबर को पत्रों की जांच की जानी है। उम्मीदवारी वापस लेने के लिए 14 दिसंबर सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। तीन बजे के बाद सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया जाएगा। सदस्यों के रिक्त पदों पर चुनाव 20 दिसंबर को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा व 21 दिसंबर को सुबह आठ से कार्य समाप्ति तक मतगणना होगी। इन चुनावों में सर्वाधिक घोरावल में 43 पदों पर चुनाव होना है। वहीं सबसे कम रावर्ट्सगंज व चोपन में एक-एक पदों पर, करमा में तीन, चतरा में 14, नगवां में 19, दुद्धी में चार, म्योरपुर में छह व बभनी के 12 रिक्त पदों पर चुनाव कराया जाएगा।