Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्रा की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक ने अनियंत्रित होकर छात्रा को कुचल दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
सोनभद्र जिले की कोतवाली क्षेत्र के बघाडू गांव में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें 9 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। बुधवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली छात्रा को एक अनियंत्रित बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल छात्रा को तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
मृतका की पहचान कुमारी अंजनी (9) पुत्री अमरसिंह निवासी बघाडू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंजनी स्कूल यूनिफॉर्म में बैग टांगकर घर से निकली ही थी कि तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे कुचल दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर ही बाइक सवार को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। छात्रा के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घरवालों ने बताया कि बच्ची हंसते हुए घर से निकली थी। पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और विधिक कार्रवाई जारी है।