सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के सरंगा में 25 जनवरी की देर शाम अधेड़ की धारदार हथियार से हत्या के आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर हैं। घटना को 20 दिन गुजर चुके हैं। खुलासे को लगी चारों टीमों के हाथ खाली हैं।
सरंगा निवासी रामनरेश यादव (50) शनिवार की शाम बाजार गए थे। रात करीब नौ बजे बाजार से घर लौटने के दौरान बदमाशों ने घर से तीन सौ मीटर दूर उन्हें घेर कर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। चेहरे पर भी कई वार किए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क पर शव देख शोर मचाया। करमा पुलिस सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तब उच्चाधिकारियों की ओर से चार टीमों का गठन किया गया था। मौके पर फील्ड यूनिट, एसओजी, सर्विलांस और फोरेंसिक की टीमों ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। घटना से कुछ दूरी पर ही उसकी बाइक बरामद की गई थी। तब दावा था कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। हालांकि घटना को करीब 20 दिन हो चुके हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर अब तक यह भी पता नहीं लगा सकी है कि इस घटना को अंजाम देने वालों में कौन-कौन थे। घटना के पीछे की मुख्य वजह क्या रही। अब पुलिस की जांच भी धीमी पड़ती दिख रही है।
-
मामले के खुलासे को लेकर सभी टीमें काम कर रही हैं। उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में घटना का खुलासा हो जाएगा। -राजकुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक करमा।