बभनी। बभनी वन क्षेत्र के बभनी बाजार में शुक्रवार को अवैध लकड़ी लदा पिकअप वन विभाग ने पकड़ कर सीज कर दिया। छत्तीसगढ़ वन विभाग ने दावा किया है कि लकड़ी छत्तीसगढ़ के जंगलों से काटी गई है और तस्कर रात में पिकअप पर लेकर फरार हो रहे थे।
बभनी बाजार से वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को लकड़ी लदा पिकअप वाहन जब्त कर सीज कर दिया। घटना को अंजाम देने वाले तस्कर वन विभाग के हाथ नहीं लगे। बभनी वन क्षेत्राधिकारी अवध नारायण मिश्रा ने बताया कि अवैध रूप से परिवहन करते पिकअप को जब्त किया गया है। चालक फरार हो गया। पकड़े गए वाहन में साखू के छह कीमती बोटे मिले हैं। इनकी कीमत लाखों में बताई गई।
मामले के बाबत छत्तीसगढ़ वन विभाग के वन क्षेत्राधिकारी रामनारायण ने बताया कि लकड़ी छत्तीसगढ़ के करमडीहा सर्किल के जंगलों से काटी गई है। वहीं डीएफओ रेणुकूट स्वतंत्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए वाहन पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। तस्करों की भी तलाश जारी है। जहां तक छत्तीसगढ़ वन विभाग लकड़ी का दावा कर रही है तो विभागीय पत्राचार करें जांच कराकर आगे कार्रवाई किया जाएगा।