विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में फोर्स ने सतर्कता बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को मांची थाना क्षेत्र के सूअरसोत जंगल में फोर्स के साथ अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल डॉ. राजीव सिंह ने कांबिंग की। इस दौरान पुलिस ने कई लोगों से संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में पूछताछ की।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) डॉ. राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी सदर आशीष मिश्रा और थाना प्रभारी मांची व बिहार के अधौरा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने सीमावर्ती इलाकों में सघन कांबिंग की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्रीय लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न के बराबर आती है। शुद्ध पेयजल तक का भी प्रबंध नहीं है। उपचार कराने के लिए मरीजों को काफी दूर जाना पड़ता है। एएसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर समस्या समाधान कराने का भरोसा दिलाया। कहा कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।