जिले से सटे छत्तीसगढ़ प्रांत के दंतेवाड़ा जिले में नक्सली हमले में सात सीआरपीएफ जवानों की मौत के बाद सोनभद्र बार्डर के सीमा पर फोर्स सतर्क हो गई है। नक्सली जिले में न घुसने पाए इस नाते जिले से सटे एमपी, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार बार्डर पर सीआरपीएफ जवान मुस्तैद हो गए हैं।
बार्डर से आने जाने वालों रास्तों पर संदिग्धों की तलाशी ली जा रही है।
बतादें कि पड़ोसी छत्तीसगढ़ प्रांत के दंतेवाड़ा जिले के कुंआकोड़ा जंगल में बुधवार की शाम नक्सलियों ने पक्की सड़क के नीचे बारूदी सुरंग रख कर सीआरपीएफ जवानों से भरे मिनी ट्रक को उड़ा दिया। इस हादसे में सात जवानों की मौत हो गई है।
पड़ोसी प्रांत में नक्सली घटना को अंजाम देकर पूर्व की भांति जिले की सीमावर्ती इलाकों में पनाह ले सके। इसको लेकर पुलिस महकमा सतर्क हो गया है। एसपी राम लाल वर्मा ने बभनी, जुगैल, शक्तिनगर, विण्ढमगंज, कोन, रायपुर, मांची सहित अन्य नक्सल इलाकों के सभी थाना और पुलिस चौकी क्षेत्र के बार्डर पर सीआरपीएफ को सतर्क रहने को कहा है।
जंगली इलाकों के रास्तों पर फोर्स की चहलकदमी बढ़ गई है। पुलिस अधीक्षक रामलाल वर्मा का कहना है कि छत्तीसगढ़ प्रांत हुई नक्सली घटना को देखते हुए बार्डर पर सीआरपीएफ की तैनाती की गई है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कांबिंग करने के साथ ही मुखबिरों को एलर्ट करने को कहा है। नक्सल एएसपी डा. अवधेश सिंह का कहना है कि नक्सली इलाकों में कांबिंग जारी है।