अनपरा परियोजनाओं में चल रहे अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का बुधवार को समापन हो गया। सप्ताह भर स्कूल-कॉलेजों व रहवासी कॉलोनियों में जाकर अग्नि सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
लैंको अनपरा परियोजना में मुंबई में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का समापन किया गया। यहां परियोजना के निदेशक संदीप गोस्वामी व कार्यकारी निदेेशक अण कपूर ने श्रद्धांजलि अर्पित की। संचालन कर रहे लैंको के प्रबंधक सुनील कुमार भारद्वाज ने आग की घटनाओं को रोकने के प्रभावी उपायों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाने के तौर तरीकों का सजीव प्रदर्शन किया। इसके साथ ही आकाश में तिरंगे व इंद्रधनुष बनाकर सभी को देश प्रेम के लिए जागरूक किया। इस दौरान परियोजना के वरिष्ठ महाप्रबंधक कुलदीप शर्मा, महाप्रबंधक एसडी सिंह, वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एनएन तिवारी, एसके द्विवेदी आदि मौजूद रहे। वहीं अनपरा तापीय परियोजना में भी समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीजीएम इं. आरसी श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। अग्निशमन विभाग की ओर से किए गए कार्यों की सराहना की। समापन कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ फायर विंग के जवानों सहित परियोजना के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।