सोनभद्र/घोरावल। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बछौंधा गांव में सोमवार को दोपहर बाद बिजली के तार में शार्ट सर्किट से गिरी चिंगारी से चार व्यक्तियों के करीब तीन बीघा गेहूं के खेत में आग लग गई। आग गांव के मो. सुल्तान, मो. रफीक, मो. नसीर और मो. शाहिद के खेत में लगी। ग्रामीणों के करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी। मामले की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। पुलिस और क्षेत्रीय लेखपाल को पीड़ितों ने जानकारी दे दी है।
घोरावल: मंगलवार को घोरावल नगर के वार्ड नंबर तीन में गेहूं के खेत में आग लगने से डेढ़ बीघा गेहूं की खड़ी फसल खेत में ही जलकर राख हो गई। घोरावल नगर के शिवद्वार रोड निवासी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि वार्ड नंबर तीन में उनके नाम से और उनके भाइयों अवधेश कुमार पांडेय व प्रदीप कुमार पांडेय के नाम से खेत है, जहां उन्होंने गेहूं की खेती की है। गेहूं की फसल पक कर तैयार थी तथा कटाई होने वाली थी लेकिन आग से जल गई। आग से करीब डेढ़ बीघा खेत में 15 कुंतल गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।