सोनभद्र। कृषि विभाग ने पिछले दिनों अभियान चलाकर खाद-बीज और कीटनाशक के नमूने लिए थे। जांच में इसमें से तीन नमूने फेल हो गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग संबंधित विक्रेताओं पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। मुकदमा दर्ज कराते हुए उनका लाइसेंस रद्द किया जाएगा।
जिले में एक हजार से अधिक खाद-बीज और कीटनाशक की प्राइवेट दुकानें संचालित हो रही हैं। दुकानों पर मानक के अनुरूप खाद, बीज व कीटनाशक की बिक्री नहीं की जा रही है। इसकी शिकायत भी क्षेत्र के किसानों की तरफ की समय-समय पर की जाती रही है। कई खाद-बीज की दुकानों पर प्रिंट रेट से अधिक दाम पर विक्रय करने की भी शिकायत मिल रही थी। इसे देखते हुए कृषि विभाग की ओर से बीते दिनों दुकानों पर छापे की कार्रवाई की गई और दुकानों से नमूना संग्रहीत किया गया था। संग्रहीत किए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया था। भेजे गए नमूनों में तीन फेल हो गए। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिकृष्ण मिश्र ने बताया कि छापे की कार्रवाई के दौरान कुल 29 नमूने संग्रहीत कर जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें तीन नमूने फेल हुए हैं। संबंधित दुकान का लाइसेंस निरस्त करते हुए विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।