दुद्धी। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में रविवार को दो युवकों ने फंदा लगा लिया। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हाल में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव निवासी सरजू प्रसाद का छोटा पुत्र सोनू (21) ट्रक चलाता था। सरजू प्रसाद के मुताबिक रविवार को वह एक अंत्येष्टि में शामिल होने गुलालझरिया गांव गए थे। इसी बीच सोनू ने घर में दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से झूल गया। परिजनों की नजर पड़ी तो आनन-फानन उसे दुद्धी सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घाेषित कर दिया। पिता ने बताया कि सोनू ने ऐसा कदम क्याें उठाया, कुछ पता नहीं। वह एक सप्ताह से घर पर ही था।
दूसरी घटना हाथीनाला थाना क्षेत्र के रानीताली गांव की है। गांव निवासी अंकुश (39) ने अज्ञात कारणों से फंदा लगा लिया। परिजन उसे फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां राहत न मिलने पर सीएचसी ले आए। यहां भी डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।