धान की खेती की तैयारी में जुटे किसानों को कृषि विभाग पचास फीसदी अनुदान पर बीज देगा। इसके लिए जिले में जल्द बीज की खेप पहुंचेगी। ब्लाक स्तर पर स्थापित राजकीय कृषि बीज भंडार से किसानों को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर बीज वितरित किया जाएगा। कृषि विभाग में पंजीकृत किसानों को ही इसका लाभ मिलेगा।
मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। किसान खरीफ के खेती की तैयारी में जुट गए हैं। अगैती धान बोने वाले किसान मई के अंत और जून के प्रथम सप्ताह तक नर्सरी डाल देंगे। इसके लिए खेतों की जोताई और सिंचाई शुरू है। उधर, शासन स्तर से भी किसानों को अनुदान पर धान का बीज मुहैया कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कृषि विभाग के अनुसार जिले में विभिन्न प्रजाति के धान के बीज की खेप पहुंचने वाली है। बीज को राबर्ट्सगंज, घोरावल, चतरा, नगवां, चोपन, दुद्धी, म्योरपुर, बभनी ब्लाक के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर भेजा जाएगा ताकि जल्द बीज वितरण का कार्य शुरू हो सके। हालांकि अभी नवसृजित करमा और कोन ब्लॉक में कृषि बीज भंडार नहीं है। इस ब्लॉक के किसान अभी पूर्व में जिन गोदामों से बीज ले रहे थे वहां से लेंगे। सरकार की ओर से धान के बीज का प्रति क्विंटल 3555 रुपये निर्धारित किया गया है। किसानों को बीज भंडार पर पूरा मूल्य देना होगा। इसके बाद 50 प्रतिशत अनुदान किसानों के बैंक खाते में पहुंचेगा। कृषि विभाग में पंजीकृत किसान ही धान का बीज गोदामों से आधार कार्ड और पंजीयन संख्या दिखाकर ले सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी हरि शंकर मिश्रा का कहना है कि शीघ्र राजकीय गोदामों पर बीज पहुंचेगा। कहा कि किसानों को गोदामों पर धान का दाम पूरा देना होगा, इसके बाद उनके खाते में 50 प्रतिशत सब्सिडी चली जाएगी।