घोरावल। भैसवार गांव में चकबंदी में अनियमितता के विरोध में शुक्रवार को तीसरे दिन किसानों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। चकबंदी में लगे कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने नारेबाजी की।
ग्राम पंचायत के सिमरिहवा बस्ती स्थित बछनार वीर बाबा देवस्थान पर किसानों ने मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में धरना दिया। दोबारा सर्वे के बाद चकबंदी प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के जिलाध्यक्ष बिरजू कुशवाहा ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने मोबाइल से किसानों को 25 मई को घोरावल तहसील में चकबंदी अधिकारियों के साथ बैठकर समस्या के निस्तारण की बात कही है। तीसरे दिन धरना प्रदर्शन में सीताराम मौर्य, गुरु चरण, गजेंद्र सिंह, मुरली कोल, राजेंद्र प्रसाद, संजय कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।
चौपाल लगाकर आपत्तियों का किया निपटारा
केकराही। करमा ब्लॉक के कुसाही गांव की चकबंदी प्रक्रिया के तहत पांच आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। इनके निस्तारण के लिए सदर तहसील के सीओ चकबंदी बर्मेश्वर उपाध्याय ने शुक्रवार को गांव में चौपाल लगाई। पांचों आपत्तियां चक परिवर्तन के लिए की गई थीं। सीओ ने स्थलीय निरीक्षण किया। केकराही पंचायत भवन पर चौपाल में आपत्तियों का निस्तारण किया। इस मौके पर चकबंदी लेखपाल सौरभ सिंह, कानूनगो दिलीप कुमार मौर्य, नाजिर असलम, किसान कृपानाथ मिश्र, देवीदत्त मिश्र, माधुरी मिश्रा उपस्थित रहे।