नगर स्थित नवीन मंडी परिसर में शुक्रवार को किसानों ने धान खरीद में मनमानी और दुर्व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया। केंद्र प्रभारियों पर नमी के नाम पर कटौती और तौल के लिए नंबर देने में चहेतों को वरीयता देने का आरोप लगाया।
किसान आशुतोष गिरि, कुश सिंह, नंदलाल सिंह, ब्रह्मा सिंह, श्याम बिहारी सिंह, राजेश सिंह, दिनेश केसरी, ओमप्रकाश, दीपक पटेल आदि ने बताया कि नवीन मंडी परिसर में सभी कांटे पर नमी की कटौती के बाद भी किसानों से अतिरिक्त कटौती की जा रही है जबकि ऐसा कोई आदेश नहीं है। किसानों ने बताया कि इस वर्ष बरसात भी नहीं हुई और धान नम भी नहीं है। इसके बावजूद मनमाने तरीके से कर्मचारी किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बाद भी नवीन मंडी परिसर में अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के कोई मुकम्मल इंतजाम नहीं है। आए दिन किसानों का धान चोर उठा ले जा रहे हैं। कई सप्ताह से किसान अपने नंबर के इंतजार में इधर-उधर भटक रहे हैं। किसानों ने डीएम से मामले की जांच कराकर समस्याओं के समाधान की मांग की है।