चुर्क पुलिस लाइन में पत्रकारो से वार्ता करते अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन राम कुमार।
- फोटो : SONBHADRA
पुलिस लाइंस चुर्क सभागार में मंगलवार को वाराणसी जोन के एडीजी रामकुमार ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी कर अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अपराधियों को गिरफ्तार कर पूर्व में हुई वारदातों का शीघ्र खुलासा करने और जिले में अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वालों पर शिकंजा कसने का निर्देश दिया।
समीक्षा में एडीजी ने सीमावर्ती राज्यों से हथियारों व मादक पदार्थों आदि की तस्करी के संबंध में समन्वय स्थापित करते हुए गैंग को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जमीन संबंधी विवादों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए राजस्व व पुलिस की टीम बनाकर विवाद को समय पर निस्तारित करने को कहा। हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, दहेज हत्या, नकबजनी, चोरी, वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की बात कही। साइबर अपराध रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाते हुए जागरूक करने को कहा। सीमावर्ती राज्यों से आपसी सामंजस्य स्थापित कर नियमित रूप से कांबिंग करने और पुलिस व जनता के बीच व्यवहारिक संवाद को बनाए रखते हुए कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। एसपीअमरेंद्र प्रसाद सिंह, एएसपी मुख्यालय विनोद कुमार, सिटी सीओ राजकुमार त्रिपाठी, सदर सीओ राहुल पांडेय, दुद्धी सीओ आशीष मिश्रा, सीओ राम अशीष यादव आदि मौजूद रहे।
माफियाओं के घरों पर चलेगा बुलडोजर
एडीजी रामकुमार ने जिला कारागार गुरमा में बंद कुछ बंदियों के मोबाइल के इस्तेमाल पर किए गए सवाल के जवाब में कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी। आरोप सही मिलने पर संबंधित बंदियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। कहा कि मातहतों को अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर जनपदवासियों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। माफियाओं के घरों पर बुलडोजर चलेगा।