सोनभद्र। जिले में पर्यटन विकास को लेकर बुधवार की रात मंथन हुआ। कलेक्ट्रेट के समीप एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में उद्यमियों, निवेशकों व पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों से सुझाव लिए गए। वाराणसी आने वाले पर्यटकों को सोनांचल की ओर आकर्षित करने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार के साथ सुविधाओं में वृद्धि पर जोर दिया गया।
विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में डीएम चंद्र विजय सिंह ने पर्यटन के क्षेत्र में हो रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। इको प्वाइंट, सलखन फासिल्स पार्क, डोंगिया चौपाटी, हाथीनाला बायो डायवर्सिटी पार्क के विकास के लिए उठाए गए कदमाें से निवेशकों को अवगत कराया। कहा कि जिले में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। इसके मद्देनजर शासन के निर्देश पर योजना तैयार की जा रही है। पर्यटन से जुड़े अधिकारी भी पूरी क्षमता से लगकर कार्य में जुट गए हैं। पर्यटन के विकास में उद्यमी और निवेशक भी अपना भरपूर सहयोग दें। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकाराें ने देशप्रेम व भक्ति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में एसपी डॉ. यशवीर सिंह, सीडीओ सौरभ गंगवार, एडीएम सहदेव कुमार मिश्रा, सुभाष यादव, आशुतोष कुमार दुबे, पर्यटन अधिकारी बृजेश यादव आदि मौजूद रहे।