वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर मधुपुर सब्जी मंडी के पास मंगलवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। सर्विस लेन पर दुकान और वाहन खड़े होने से जाम के कारण बाइक सवार हाइवे पर जाकर आगे निकलने की कोशिश कर रहा था लेकिन ट्रक की चपेट में आ गया। हेलमेट न होने के कारण उसका सिर ट्रक के पहिये के नीचे कुचल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बीच सड़क पर हादसे से कुछ देर तक आवागमन भी बाधित रहा। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली के बट्ट गांव निवासी अरविंद कुमार (25) पुत्र रामप्यारे किसी काम से मधुपुर आ रहा था। सब्जी मंडी के पास सर्विस लेन जाम होने के कारण वह हाईवे पर जाने के लिए कट से घुसा। किनारे पर मंडी से संबंधित गाड़ियां खड़े होने के कारण वह कट से होते हुए तेज गति से हाईवे पर पहुंचा, उसी समय तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद जाम का कारण बनने वाले छोटे वाहन चालक डर से अपने वाहनों को लेकर फरार हो गये। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण व ऑटो चालक के कब्जे के कारण सर्विस लेन जाम रहने के कारण ही यह हादसा हुआ। उधर घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल सत्यनारायण मिश्रा ने कहा कि मृतक के परिवार के लोग जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सुपुर्द कर दिया गया।