राबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी के समीप फ्लाओवर के नीचे जेसीबी से अतिक्रमण हटवाते एडीएम और ईओ।
- फोटो : SONBHADRA
मंगलवार तड़के जिला व नगर पालिका प्रशासन ने राबर्ट्सगंज नगर स्थित फ्लाईओवर के नीचे से अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान जहां मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं प्रशासन के रुख को भांपते हुए कोई भी विरोध का साहस नहीं जुटा पाया।
सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराना योगी-2 सरकार की प्राथमिकता है। पूरे प्रदेश में अतिक्रमण विरोधी अभियान जोरशोर से चल रहा है। जिला प्रशासन भी राबर्ट्सगंज नगर स्थित फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को कई दिनों से लगातार आगाह करता रहा है। कई लोगों ने तो खुद ही फ्लाईओवर के नीचे से अपना ठेला हटाकर अन्यत्र स्थान तलाश लिया था। मंगलवार तड़के एसडीएम राजेश सिंह व ईओ विजय बहादुर यादव के नेतृत्व में नगरपालिका कर्मी जेसीबी व ट्रैक्टर के साथ फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे। कर्मियों ने तत्काल वहां रखे ठेला, गुमटी व अस्थाई निर्माणों को हटवाना शुरू किया। प्रशासन की कार्रवाई देख लोग खुद ही अपना सामान समेटते नजर आये। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचकर एडीएम आशुतोष दुबे ने भी अभियान का जायजा लेकर कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
पूरे फ्लाईओवर को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। खाली भूमि पर योजनाबद्ध तरीके से दुकानों का निर्माण कराकर उसका आवंटन किया जाएगा। साथ ही सुंदरीकरण की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। - राजेश सिंह, एसडीएम सदर।