घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के शिवद्वार मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार को राजकीय बाल गृह बालक रामनगर से टीम एक किशोर को लेकर वहां पहुंची। महिला कल्याण विभाग के केयर टेकर विपिन कुमार सिंह ने बताया कि 6 मार्च 2024 को मिर्जापुर जिले में एक 16 वर्षीय किशोर अपने स्वजन से बिछड़ गया था।
इस मामले में मजिस्ट्रेट सीडब्लूसी के आदेश पर उसे राजकीय बाल गृह बालक रामनगर के लिए भेजा गया। काउंसिलिंग के दौरान किशोर ने अपना पता शिवद्वार मंदिर बताया। उसने अपना नाम राज और पिता का नाम रतिलाल, मां का नाम ज्ञानती देवी बताया। विपिन कुमार सिंह के साथ अनुसेवक कृष्णा सिंह किशोर को लेकर घोरावल कोतवाली और शिवद्वार मंदिर पहुंचे। शिवद्वार मंदिर पर टीम ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की, लेकिन कोई भी व्यक्ति उस किशोर को पहचान नहीं सका। इसके बाद टीम उसे लेकर कोतवाली पहुंची। वहां उसका पूरा विवरण दर्ज कराया। पहचान न होने के कारण परिवार से बिछड़े किशोर का परिजनों से मिलन नहीं हो सका। टीम उसे लेकर वापस राजकीय बाल गृह बालक रामनगर आ गई।