सोनभद्र। मुहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसमें शांति व्यवस्था कायम रखने पर रूपरेखा बनाई गई। किसी भी हाल में नई परंपरा शुरू न करने की सख्त हिदायत दी। कहा गया कि ताजिया अधिक ऊंचा न बनाएं, डीजे की आवाज सीमा का भी ध्यान रखें।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने कहा कि मुहर्रम पर शुद्ध पेयजल, जन स्वास्थ्य सुविधा, पार्किंग बिजली की व्यवस्था बेहतर की जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इसकी तैयारी कर लें। सभी ताजियादार परंपगरात ढंग से ही जुलूस निकालें। ताजिया जुलूस के मार्ग पर सड़क, नाली व अन्य बिंदुओं पर सुझाव लिए गए। एसपी ने कहा कि जुलूस में ताजिया व डीजे की निर्धारित ऊंचाई सीमा का पालन किया जाए, ताकि बिजली के खंभे, तार आदि में छू जाने की आशंका न रहे। ताजिया और कांवड़ जुलूस में निर्धारित आवाज से अधिक तेज डीजे न बजाया जाए। अश्लील और द्विअर्थी गीत बजाने पर कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अफवाह न फैलाएं। अनधिकृत पोस्ट करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, एसडीएम निखिल यादव, विवेक सिंह, एडीआईओ विनय सिंह आदि मौजूद रहे।