रेणुकूट। जिले के विभिन्न स्थलों पर सहज योग ध्यान एवं संगीत थेरेपी सेमिनार का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। योग के प्रचार प्रसार के लिए सोनभद्र सहज योग सामूहिकता एवं सिंगरौली व गढ़वा सहयोगी केंद्रों की ओर से ये आयोजन हो रहे थे। इस दौरान सहज योग ध्यान और संगीत थेरेपी से तनाव खत्म करने की जानकारी दी गई।
दिल्ली से आए दीपक वर्मा ने सहज संगीत ध्यान प्रस्तुत किया। इसमें संगीत और ध्यान के अद्भुत समन्वय से साधकों को कुंडलिनी जागरण का अनुभव कराया गया। मूलाधार से सहस्रार तक की सूक्ष्म यात्रा आधारित भजनों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह कार्यक्रम रॉबर्ट्सगंज, चोपन, सीआईएसएफ रिहंद डैम, रेणुसागर, सेपियंट इंटरनेशनल एकेडमी सिंगरौली, गढ़वा सहित कई स्थानों पर किया गया। इसमें बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लिया। ध्यान योग, चक्र संतुलन व संगीत थेरेपी से लोगों को मानसिक व शारीरिक राहत प्राप्त हुई।
जिला कोऑर्डिनेटर कविता सिंह ने बताया कि सहज योग माताजी निर्मला देवी की ओर से प्रदत्त ध्यान विधि है, जो आज विश्व के 100 से अधिक देशों में अपनाई जा रही है। जिला संयोजक (युवा शक्ति) संतोष यादव ने बताया कि भविष्य में युवाओं के लिए व्यसन मुक्ति व चरित्र निर्माण पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संदीप कुमार, प्रदीप सिंह, दीपक पांडेय, सरिता पांडेय, इंदु द्विवेदी, बृजमोहन, प्रकाश यादव आदि का योगदान रहा।