बभनी सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड में प्रांत सह संगठन मंत्री से वार्ता करते डीएम
- फोटो : SONBHADRA
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के कार्यक्रम पर मुहर लगने के बाद प्रशासनिक अमले ने तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को डीएम चंद्र विजय सिंह और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने चपकी पहुंचकर सेवाकुंज आश्रम में तैयारियों का जायजा लिया। हेलीपैड, मीटिंग हॉल सहित अन्य बिंदुओं पर आयोजकों से जानकारी ली। सुरक्षा के लिहाज से तनिक भी चूक न होने देने की हिदायत दी।
डीएम व एसपी ने आवागमन के मुख्य द्वार, वनाधिकार समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक वाले सभागार, सेफ हाउस आदि का जायजा लिया। सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी के प्रांत सह संगठन मंत्री आनंदजी से कार्यक्रम के बारे में विस्तार से चर्चा की। डीएम ने तैयारी में लगे पीडब्लूडी के अवर अभियंता व संबंधित विभाग के अधिकारियों को अधूरे पड़े कार्यों को तत्काल पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके बाद दोनों अफसर असनहर पहुंचे। यहां प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में चल रहे रंगाई-पोताई को यथा शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। डीएम कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बभनी दरनखांड भी पहुंचे। यहां बालिकाओं के आवासीय कक्ष, कक्षा कक्ष को देखा। इस दौरान बीच मैदान में लगाये गए ट्रांसफर व 11 हजार तार को देख डीएम भड़क गए। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल ट्रांसफार्मर और एचटी तार को हटवाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एडीएम सहदेव मिश्र, एसडीएम शैलेंद्र मिश्र, डीपीआरओ विशाल सिंह, डीपीओ एके सिंह, बीएसए हरिवंश कुमार, तहसीलदार दुद्धी ज्ञानेंद्र कुमार यादव, बीडीओ रवि कुमार, एडीओ पंचायत काशीराम ठाकुर, बीईओ संजय कुमार, जिला कार्य समिति सदस्य सेवा समर्पण संस्थान आलोक कुमार चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।