बभनी के सुकरौन टोला में घटना स्थल का निरीक्षण करते डीएम व एसपी
- फोटो : SONBHADRA
बभनी ग्राम पंचायत के सुकरौन टोला में रविवार की रात घर में सो रहे वृद्ध की हत्या के मामले में मंगलवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे। मौके का निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने प्रभारी निरीक्षक बभनी को आवश्यक दिशानिर्देश दिया।
बभनी के सुकरौन टोला में रविवार की रात रामदेव (70) पुत्र चरकू बियार अपने घर के अंदर सो रहा था। इसी दौरान हमलावर ने फावड़े से सिर पर हमलाकर रामदेव की हत्या कर दी। सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई। रामदेव के बड़े पुत्र शंकर ने पुलिस को सूचना दी। शंकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने दोनों भतीजों राजबली पुत्र मुन्ना बियार तथा राकेश कुमार पुत्र अंजनी कुमार के खिलाफ नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। शंकर ने बताया कि भतीजे अपने दादा पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते थे, जिससे उनका परिवार परेशान रहता था। हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को डीएम और एसपी ने घटनास्थल पर पहुंच कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक ने जादू-टोना के पहलू पर भी जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिया। बभनी में हुए इस हत्या के बाद लोग भयभीत हो गए हैं।