वाराणसी से विंढमगंज थाना क्षेत्र के बरखोहरा तक चलने वाली रोडवेज की लोहिया ग्रामीण बस सेवा पिछले तीन महीने से बंद है। विंढमगंज थाना क्षेत्र से करीब 20 किलोमीटर दूर दक्षिण में झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा से सटे बरखोहरा तक बससंचालन होने से सुदूर गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय सहित वाराणसी तक जाने में सहूलियत होती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि रोडवेज बस बरखोहरा से सुबह साढ़े पांच बजे चलकर साढ़े नौ बजे राबर्ट्सगंज और बारह बजे वाराणसी पहुंच जाती थी। यहां बस संचालन होने से जनपद के अंतिम छोर पर बसे बैरखड़, धोरपा, हरपुरा,धूमा, बरखोहरा, जामपानी, सूखड़ा, छत्तरपुर सहित दो दर्जन से अधिक गांवों के अलावा पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती गांवों के लोग भी वाराणसी तक का सफर तय कर शाम को घर लौट आते थे लेकिन तीन महीने से रोडवेज बस सेवा बंद हो जाने से ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। बैरखड़ प्रधान उदय पाल, हरपुरा प्रधान मनोज कुमार, धूमा प्रधान राम प्रसाद यादव, धोरपा प्रधान खुशिहाल यादव ने कहा कि रोडवेज बस हमेशा यात्रियों से भरी रहती थी और जिससे उसकी अच्छी आमदनी थी। लेकिन इसे अचानक बंद कर दिया गया। ग्रामीणों ने यहां रोडवेज बस सेवा तत्काल शुरू कराने की मांग की है।