सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज बरैला महादेव मंदिर प्रांगण में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखा। श्रीधाम अयोध्या से पधारे कथाव्यास मनीष शरण महाराज ने सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने दीन-हीन ब्राह्मण सुदामा को भी अपने स्नेह और कृपा से अपनाया।
उन्होंने कहा कि भगवान ने केवट, शबरी, ध्रुव और प्रह्लाद जैसे भक्तों को भी विशेष स्थान देकर यह संदेश दिया कि सच्ची भक्ति में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। इस अवसर पर आचार्य सौरभ भारद्वाज ने बताया कि 15 जून को कथा की पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मनुष्य जीवन को कृतार्थ करने की अपील की। कथा श्रवण के दौरान शिवनारायण सिंह, विजय पांडे, विनय कुमार शुक्ला, अरविंद शरण सिंह, श्याम सुंदर पांडे, बृजेश पांडे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद