रॉबर्ट्सगंज विकास खंड के गोरडीहा बियार बस्ती की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि बस्ती में पानी की किल्लत को लेकर पुरुष व महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बस्ती में टैंकर न चलने से अपनी प्यास नहीं बुझा पा रहे हैं। महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर पेयजल किल्लत के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने खाली डिब्बा बाल्टियां दिखाते हुए कहा कि सुबह-शाम उन्हें पीने के पानी के लिए दूसरे मोहल्लों में जाना पड़ता है।
उनका कहना था कि चुनाव के दौरान उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब सभी ने भी इस समस्या से मुंह मोड़ लिया है। नारेबाजी कर रही महिलाओं ने कहा कि हम पिछले कई वर्षों से पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।
अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सपना, सुनीता, लीलावती, झूला देवी, दुर्गावती, रीना, सीमा, कलावती आदि शामिल रही।