कोन। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कचनरवा कई महीनों से एएनएम विहीन हो गया है। इससे आदिवासी क्षेत्रों में टीकाकरण से लेकर गर्भवती महिलाओं का प्रसव प्रभावित है। एएनएम के तैनाती की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कचनरवा पर नियुक्त एएनएम संगीता कई महीनों से लगातार अनुपस्थित चल रही हैं। इस कारण स्वास्थ्य केंद्र एएनएम विहीन हो गया है। इससे आसपास के आदिवासी क्षेत्र कचनरवा, बागेसोती, कुड़वा, असनाबांध, किशनपुरवा, पिपरखाड़, केवाल, भालूकुदर, गीधिया आदि गांव के लोगों को प्रसव या टीकाकरण कराने में परेशानी हो रही है। उन्हें अतिरिक्त धन खर्च करने के साथ लंबा समय लगाकर अन्यत्र जाना पड़ रहा है। जिला पंचायत सदस्य छविंद्र नाथ चेरो व बिहारी प्रसाद यादव ने बताया कि यह सिलसिला विगत कई महीनों से चलता आ रहा है। इससे बच्चों का टीकाकरण व महिलाओं को प्रसव कराने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पीएचसी कचनरवा पर जिला पंचायत सदस्य छविंद्र नाथ चेरो के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए संबंधित विभाग से तत्काल एएनएम के तैनाती की मांगी। प्रदर्शन में बिहारी प्रसाद यादव, जगदीश प्रसाद, कैलाश राम, रघुवर प्रसाद, नथुनी शर्मा, सुक्खू उरांव शामिल रहे।