ओबरा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ न मिलने से ग्राम पंचायत मारकुंडी के कई किसान मुआवजा पाने से वंचित हैं। बीमा कराने के बाद भी अभी तक नुकसान की भरपाई न होने का आरोप लगाते हुए किसानों ने समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड को ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन
भाजपा पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष राम लाल जायसवाल ने बताया कि ग्राम पंचायत मारकुंडी के ज्यादातर किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा कराया है लेकिन खरीफ (धान) की फसल खराब होने के बाद भी अभी तक पीड़ित किसानों को बीमा से मिलने वाली राशि नहीं दी गई। आरोप है कि जनपद में संचालित बीमा कंपनी के अधिकारियों की ओर से उपज के आंकड़ों में छेड़छाड़ करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे किसान फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित रह जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में प्रतिभा देवी, उषा देवी, मालती देवी, राजकुमार मिश्रा, रामशंकर, जयशंकर देव, त्रिभुवन देव, शिव शंकर आदि रहे।